आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सीईओ ने जिलाधिकारियों को दिए निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं और मतदान कार्मिकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाए।
बैठक में अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग सुनिश्चित कराने को कहा गया। साथ ही मतदाता जागरूकता के लिए प्रत्येक जिले में SVEEP प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बूथ और विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों का विवरण तैयार करने के साथ ही चुनाव के दौरान इस्तेमाल होने वाले वाहनों और अन्य संसाधनों की सूची भी तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखंड का दौरा किया जा सकता है। इस दौरान जिलों में चल रही चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। ऐसे में सभी जिलाधिकारियों को तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

