माउंट एकांकागुआ समेत नुन-कुन की तीन चोटियों पर फतह, सीएम ने पर्वतारोहियों का किया फ्लैग-इन
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतारोहियों ने एक बार फिर अपनी साहसिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के सफल पर्वतारोहण अभियानों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में फ्लैग-इन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने माउंट एकांकागुआ और नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण करने वाले दलों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां उत्तराखंड समेत देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों के जरिए युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का जज्बा विकसित होता है।
6,961 मीटर ऊंचे माउंट एकांकागुआ के लिए NIM और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना स्थित माउंट एकांकागुआ के शिखर पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।
वहीं NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन पर तिरंगा फहराया। इसके बाद दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर भी सफल आरोहण किया।
इस तरह एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण कर दल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। ऐसे अभियान प्रदेश की साहसिक पर्यटन की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ युवाओं को भी इस क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, NIM और JIM&WS के अधिकारियों तथा विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों में शामिल सदस्य मौजूद रहे।

