रतूड़ा में ₹48.84 करोड़ का भव्य राज्य अतिथि गृह, रेसकोर्स में बनेंगे 48 नए आवास

रतूड़ा में ₹48.84 करोड़ का भव्य राज्य अतिथि गृह, रेसकोर्स में बनेंगे 48 नए आवास

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी परिसंपत्तियों को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप देने की दिशा में राज्य संपत्ति विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में करीब ₹48.84 करोड़ की लागत से राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा, जबकि देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में ₹28.07 करोड़ की लागत से 48 नए श्रेणी-3 आवास प्रस्तावित हैं।

राज्य संपत्ति एवं आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठकों में दोनों परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। रतूड़ा में बनने वाले अतिथि गृह में आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा, बड़े फ्लैट टीवी और अन्य तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। निर्माण स्थल को एनजीटी के मानकों के अनुरूप नदी से न्यूनतम 200 मीटर की दूरी पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार और केंद्रीय भवन पर आकर्षक एवं बड़े आकार का लोगो लगाने की योजना है।

वहीं, देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में पुराने जर्जर भवनों को हटाकर 48 नए सरकारी आवास बनाए जाएंगे। अधिकारियों को ऐसी निर्माण सामग्री और फिनिशिंग का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे रखरखाव की लागत कम हो और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता न पड़े।

नई आवासीय परियोजना में ग्रीन बिल्डिंग मानकों का पालन किया जाएगा। जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। साथ ही कॉलोनी के नाम को आकर्षक और स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए अलग डिजाइन तैयार किए जाएंगे।

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य में आवासीय और सरकारी संपत्तियों से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण में स्थानीय वास्तुशैली को प्राथमिकता दी जाएगी और परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *