ऑरेंज अलर्ट के बीच SDRF हाई अलर्ट पर 

ऑरेंज अलर्ट के बीच SDRF हाई अलर्ट पर 

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद SDRF को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रदेशभर में तैनात SDRF टीमों की तैयारियों को लेकर सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में सभी कंपनी और टीम प्रभारियों से उनके तैनाती क्षेत्रों में मौसम की मौजूदा स्थिति और आपदा से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली गई। सेनानायक ने निर्देश दिए कि सभी टीमें आवश्यक उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहें। किसी भी आपातकालीन सूचना पर टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना करने और रेस्क्यू में किसी तरह की देरी न करने को कहा गया।

 

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नदियों, गदेरों, नालों, संवेदनशील ढलानों और अन्य संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों को मौसम और संभावित जोखिमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

 

SDRF टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों से मौसम और परिस्थितियों की जानकारी लगातार कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

 

सेनानायक ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जवानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी टीमों को लाइफ जैकेट, हेलमेट, रोप रेस्क्यू उपकरण और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा।

 

मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर SDRF Uttarakhand की सभी टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति में रेस्क्यू एवं राहत कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *