बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया तेज, आदि केदारेश्वर और शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद।
16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे भगवान बदरीविशाल के कपाट, पंच पूजा के दूसरे दिन संपन्न हुई विशेष पूजा-अर्चना
बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत पंच पूजाएं विधि-विधान के साथ संपन्न कराई जा रही हैं। शुक्रवार को पंच पूजा के दूसरे दिन श्री आदि केदारेश्वर मंदिर और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए बंद हो जाएंगे।
शुक्रवार को अपराह्न करीब 2:15 बजे पूजा-अर्चना के बाद श्री आदि केदारेश्वर मंदिर के कपाट बंद किए गए। इससे पहले बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने आदि केदारेश्वर जी और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर पके चावलों का भोग अर्पित किया। आरती के बाद वैदिक परंपराओं और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद अपराह्न 2:30 बजे आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट भी पूजा-अर्चना के पश्चात बंद कर दिए गए।
इस अवसर पर नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंवर आचार्य सेमवाल, डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी, डॉ. अमित बंदोलिया सहित मंदिर के पुजारियों ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने की प्रक्रिया के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण ने भी पंच पूजा के सफल आयोजन पर बधाई दी।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजा के तीसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को मां लक्ष्मी को श्री बदरीनाथ मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया जाएगा। पंच पूजा की सभी धार्मिक परंपराएं पूरी होने के बाद 16 नवंबर की रात 9:37 बजे बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
दूसरे दिन की पंच पूजा के अवसर पर दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, विवेक थपलियाल, संदीप कपरवाण सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री मौजूद रहे।

