बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू, पहले दिन गणेश जी के कपाट हुए बंद

बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू, पहले दिन गणेश जी के कपाट हुए बंद

16 नवंबर को रात्रि 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे भगवान बदरीविशाल के कपाट, पंच पूजाओं का हुआ शुभारंभ

बदरीनाथ/ज्योर्तिमठ। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया गुरुवार, 12 नवंबर से शुरू हो गई है। परंपरा के अनुसार कपाट बंद होने से पहले आयोजित होने वाली पंच पूजाओं के पहले दिन भगवान श्री गणेश जी के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत गुरुवार सुबह प्रातःकालीन अभिषेक पूजा से पहले श्री गणेश जी को मंदिर प्रांगण से श्री बदरीनाथ गर्भगृह में विराजमान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के साथ श्री गणेश जी के दर्शन किए। इसके बाद देर शाम विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत श्री गणेश जी के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

पूजा-अर्चना में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर आचार्य सेमवाल, डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया सहित अन्य धर्माचार्यों ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण ने भी श्रद्धालुओं को बधाई दी।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं के दूसरे दिन शुक्रवार, 13 नवंबर को दोपहर बाद आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद आगामी दिनों में निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार अन्य पूजाएं संपन्न होंगी।

पहले दिन की पंच पूजा के अवसर पर बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, बदरीनाथ धाम के पूर्व रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, विवेक थपलियाल, संदीप कपरवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, भूपेंद्र रावत सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री मौजूद रहे।

शीतकाल के लिए भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद होने की तैयारियों के बीच बदरीनाथ धाम में धार्मिक परंपराओं और पंच पूजाओं का विशेष महत्व देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *