बनबसा में प्रबुद्धजनों से संवाद, सीएम धामी बोले—‘आदर्श चम्पावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ का संकल्प होगा साकार

बनबसा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को युवा संवाद कार्यक्रम के बाद बनबसा में प्रबुद्धजनों से संवाद किया। उन्होंने समाज में प्रबुद्धजनों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि उनके सुझाव और मार्गदर्शन विकास कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। टनकपुर में प्रस्तावित आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के लिए ककराली गेट से धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था, रोपवे और हेलीपैड जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा के मद्देनजर टनकपुर को पर्यटन और तीर्थाटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में पार्किंग, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान, अत्याधुनिक साइंस सेंटर समेत कई विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, पर्यटन, निवेश और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।
दिव्यांग पूर्व ग्राम प्रधान से मिलने खुद पहुंचे सीएम
कार्यक्रम में भावुक कर देने वाला क्षण तब आया, जब बनबसा की प्रथम महिला ग्राम प्रधान और दिव्यांग कमला देवी मुख्यमंत्री का स्वागत करने आगे बढ़ना चाह रही थीं। उन्हें देखकर मुख्यमंत्री स्वयं उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की।
प्रबुद्धजनों ने भी मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए चम्पावत में खेल, पर्यटन, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण, साइंस सेंटर, रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर और आईएसबीटी जैसी परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत समेत पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

