कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर एक्शन में मुख्य सचिव, निर्माण स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर एक्शन में मुख्य सचिव, निर्माण स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा का जायजा लिया। खास बात यह रही कि मुख्य सचिव अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन में बैठकर अलग-अलग निर्माण स्थलों तक पहुंचे और मौके पर व्यवस्थाओं को परखा।

 

मुख्य सचिव ने रोड़ी-बेलवाला से रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।

 

रोड़ी-बेलवाला में यूआईआईडीबी की प्रशासनिक मार्ग परियोजना और हरकी पैड़ी क्षेत्र की पुनर्विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजनाओं से तैयार परिसंपत्तियों के भविष्य में स्थायी रख-रखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभाग या निकाय को सौंपने की व्यवस्था अभी से तय की जाए।

 

हाथीपुल से अलकनंदा के बीच घाटों के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने घाटों पर मजबूत रेलिंग और चेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पैदल आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक मार्ग के लिए ₹4325.14 लाख और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन के लिए ₹6677.21 लाख की धनराशि स्वीकृत है।

 

ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग के नवीनीकरण कार्य का जायजा लेते हुए मुख्य सचिव ने यातायात व्यवस्था के साथ-साथ सड़क किनारे हरियाली विकसित करने पर जोर दिया। शहर की आंतरिक सड़कों के नवीनीकरण के लिए ₹2164.49 लाख स्वीकृत हैं।

 

इसके बाद शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार एवं पैडेस्ट्रीयन फुटपाथ कार्य का निरीक्षण किया गया। ₹683.60 लाख की लागत वाली इस परियोजना में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

 

रोशनाबाद में ₹251.98 लाख की लागत से निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस और दक्षद्वीप-बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का भी निरीक्षण किया गया। पुल परियोजना के लिए ₹1246.09 लाख स्वीकृत हैं। मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

 

वहीं सीसीआर-2 भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कुंभ शुरू होने से पहले निर्माण पूरा कराने के लिए कार्य में तेजी लाने और आवश्यकता पड़ने पर दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के बाद डाम कोठी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन और मशीनरी उपलब्ध कराने तथा धीमी गति से चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा।

 

बैठक में निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित एजेंसियों के टीम लीडर्स से गुणवत्ता जांच की प्रगति जानी और निर्देश दिए कि जांच लगातार और सख्ती से की जाए। किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए।

 

मुख्य सचिव ने एनएच परियोजनाओं से प्रभावित होने वाले पार्किंग स्थलों, डायवर्जन मार्गों, वैकल्पिक पुलों और पहुंच मार्गों की भी जानकारी ली। साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

 

मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की सफलता के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ काम करना होगा। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार से बेहतर अनुभव लेकर लौटें।

 

मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और उनकी प्रगति एवं गुणवत्ता की बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुंभ क्षेत्र के पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है और आईआईटी रुड़की से भी पुलों की जांच कराने का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच के लिए केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान से भी जांच कराने का निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *