मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देखी आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’
देहरादून – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में परम श्रद्धेय बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित कई दायित्वधारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा “बाबा नीब करौरी महाराज जी का जीवन हमारी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को एक नई दिशा देने की क्षमता रखता है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड ‘देवभूमि’ होने के साथ-साथ महान संतों की साधना स्थली भी है। बाबा नीब करौरी महाराज जी का कैंची धाम आज पूरे विश्व में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसी आध्यात्मिक विभूतियों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम और निर्माताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं।

