पुलिस लाइन देहरादून में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग

पुलिस लाइन देहरादून में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग

देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया, जबकि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित शासन-प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *